खेल डेस्क.टीम इंडिया ने श्रीलंका को 4 विकेट से हराकर ऑस्ट्रेलिया दौरे पर दूसरी जीत दर्ज की है। इस जीत के हीरो रहे ऑफ स्पिनर आर अश्विन। अश्विन ने जीत के बाद टीम की रणनीति का खुलासा किया।
अश्विन ने मैच में 3 विकेट लिए और साथ ही नाबाद 30 रन भी बनाए। इसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच अवार्ड भी दिया गया।
अश्विन ने मैच के बाद कहा, "हमारे लिए यह जीत बहुत जरूरी थी। आज मैं यह इरादा कर मैदान पर उतरा था कि हर हाल में जीतना है। जब क्रीज पर मैं और जड्डू (रवींद्र जडेजा) थे, तो मैंने उसे कहा था कि हमें 60 गेंदों तक बल्लेबाजी करना है बस और जीत हमारी होगी। हमने ऐसा ही किया।"
अपनी बेहतरीन गेंदबाजी पर अश्विन ने कहा, "मुझे पिच से मदद मिल रही थी। गेंद थोड़ी फंसकर बल्ले पर आ रही थी जिसके कारण बल्लेबाज को परेशानी हो रही थी। मैंने परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाया।"
क्या अश्विन को अब टीम का भरोसेमंद ऑलराउंडर कहा जा सकता है, इस सवाल पर अश्विन ने कहा, "मैं खुद को पहले अच्छा ऑफ स्पिनर कहलाना पसंद करूंगा। मैं बल्लेबाजी पर भी मेहनत करता हूं, लेकिन बतौर गेंदबाज मैं बेहतर हूं।"
अश्विन और जडेजा के बीच नाबाद 53 रन की साझेदारी हुई। अश्विन ने बेहतरीन 30 रन की पारी खेली। अश्विन और जडेजा की इस साझेदारी के दम पर भारत ने 20 गेंदें शेष रहते 234 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया।