टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को उनके प्रशंसक माही के नाम से बुलाते हैं। रांची, झारखंड में जन्में धोनी ने देश को टी-20 और वनडे दोनों प्रारूपों में वर्ल्डकप जीत का तोहफा दिया है। धोनी की अगुवाई में भारतीय टीम इतिहास में पहली बार टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंची।
वनडे
दमदार शॉट खेलने के लिए मशहूर धोनी ने कुल 196 वनडे मुकाबले खेले हैं। धोनी ने अपना पदार्पण 23 दिसंबर 2004 को चटगांव में बांग्लादेश के खिलाफ हुए वनडे में किया था। 196 वनडे मैचों की 175 पारियों में धोनी ने 51.15 की औसत से 6497 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 183 रन का है। धोनी ने वनडे में 7 शतक और और 43 अर्धशतक लगाए हैं।
टेस्ट
टीम इंडिया को नंबर 1 टेस्ट टीम का गौरव दिलाने वाले धोनी ने अपना पदार्पण 2 दिसंबर 2005 को श्रीलंका के खिलाफ हुए चेन्नई टेस्ट में किया था। अबतक धोनी ने 64 टेस्ट मुकाबलों में शिरकत की है। इन मैचों में खेली 100 पारियों में धोनी ने 38.28 की औसत से 3407 रन बनाए हैं। उनके नाम 5 शतक और 23 अर्धशतक दर्ज हैं। धोनी का सर्वाधिक टेस्ट स्कोर 148 रन का रहा है।