IPL 5: पीयूष चावला ने की कॅरियर की सबसे खराब बोलिंग, जीते इंडियंस

मोहाली. लेग स्पिनर पीयूष चावला के क्रिकेट कॅरिअर के सबसे खराब ओवर का खमियाजा किंग्स इलेवन पंजाब को भुगतना पड़ा। पीयूष ने 19वें ओवर में 27 रन लुटाए, जिसके कारण किंग्स इलेवन के हाथ से जीत फिसल गई और मुंबई इंडियंस ने चार विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। बुधवार को यहां हुए आईपीएल मुकाबले में किंग्स ने पहले खेलते हुए 3/168 रन बनाए। मुंबई ने छह विकेट खोकर 19.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। जीत के हीरो अंबाति रायूडु रहे, जिन्होंने १७ गेंदों पर दो चौकों व दो छक्कों की मदद से अविजित ३४ रन बनाए। उनके अलावा रोहित शर्मा ने 50 व सचिन तेंडुलकर ने ३४ रन बनाए। पंजाब की ओर से परविंदर अवाना ने तीन व अजहर महमूद ने दो विकेट लिए।
मुंबई को 12 गेंदों पर चाहिए थे ३२ रन
कार्यवाहक कप्तान डेविड हसी के भरोसे पर पीयूष चावला खरे नहीं उतरे। मुंबई इंडियंस को जीत के लिए दो ओवर में 32 रन बनाने थे। 19वां ओवर चावला ने फेंका और इसी ओवर में मैच मुंबई की गिरफ्त में आ गया। इस ओवर में रॉबिन पेटरसन ने दो चौके व एक छक्का तथा रायूडु ने दो छक्के जड़े। इससे पहले चावला ने तीन ओवर में 19 रन दिए थे।
डेविड हसी की शानदार बल्लेबाजी
इससे पहले टॉस जीत कर किंग्स इलेवन ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम के कार्यवाहक कप्तान डेविड हसी ने चार छक्कों व चार चौकों के सहारे 40 गेंदों पर नाबाद ६८ रन बनाए। डेविड मिलर ने भी नाबाद 34 रन 17 गेंदों में बनाए। मिलर ने तीन छक्के व एक चौका जड़ा। इन्होंने चौथे विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी की। पंजाब ने आखिरी पांच ओवरों में ६८ रन बनाए। पंजाब की ओर से ओपनर नितिन सैनी ने 17, मनदीप सिंह ने 22 व शॉन मार्श ने 17 रन बनाए। मुंबई के आरपी ङ्क्षसह, मैके व जेम्स प्रेंकलिन ने एक-एक विकेट लिया।






