बोर्ड ने तबाह किया करियर, क्रिकेटर ने मांगा 5 करोड़ रु. का हर्जाना
Source: Agency | Last Updated 12:48(09/02/12)
सिडनी. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट तेज गेंदबाज नाथन ब्रेकन ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर मुकदमा ठोक दिया है। ब्रेकन ने सीए पर उनकी घुटने की चोट के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। इस चोट के कारण ब्रेकन का क्रिकेट करियर तबाह हो गया था।
ब्रेकन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 5 टेस्ट और 116 वनडे खेले हैं। ब्रेकन का कहना है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के डॉक्टरों और फिजियोथैरेपिस्ट ने उन्हें चोट के मुताबिक सही परामर्श नहीं दिया। इसी कारण उनका करियर जल्दी खत्म हो गया।
ऑस्ट्रेलियाई अखबार के मुताबिक ब्रेकन ने सीए से 10.7 लाख डॉलर (लगभग 5 करोड़ 25 लाख रुपए) के हर्जाने की मांग की है।
ब्रेकन का कहना है कि सीए उनकी चोट का सही इलाज नहीं कर पायी। यह चोट उन्हें जनवरी 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे से एक दिन पहले लगी थी।
सीए ने ब्रेकन द्वारा किए केस की पुष्टि कर दी है।