विज्ञापन
 
Home >> Sports >> Record Book >> Test Matches >> Pujara Is Fit But Rain Will Delay Third Test In Mohali

मोहाली टेस्‍ट :बारिश के कारण धुला पहले दिन का खेल, अब कल पर निगाहें

dainikbhaskar.com | Mar 15, 2013, 10:50AM IST
 
 

 
मोहाली. मोहाली में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण मैच शुरू नहीं हो सका। लंच के बाद अंपायर मैदान का निरीक्षण करने वाले थे लेकिन दोबारा बारिश आने से जल्द खेल शुरू होने की संभावनाएं खत्म हो गईं । मैदान को कवर्स से ढक दिया गया है। दोपहर एक बजे अंपायर्स ने ग्राउंड और मौसम की स्थिति देखते हुए आज खेल की संभावनाओं पर विराम लगा दिया (तस्‍वीरें देखें)। 
 
टीम इंडिया सुबह ग्रांउड आकर वापस होटल जा चुकी है। टीम इंडिया के लिए राहत भरी खबर यह है कि टीम के नए भरोसेमंद बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा फिट बताए गए हैं और वे मैच खेलेंगे। शिखर धवन को भी आज अपने टेस्ट करियर का आगाज करना था लेकिन अब उन्हें एक दिन और इंतजार करना होगा। 
 
बुधवार को मौसम गर्म था लेकिन गुरुवार सुबह यहां बारिश होने लगी। करीब दस बजे बारिश रुकने पर ग्रांउड स्टाफ ने मैदान सुखाने के प्रयास शुरू कर दिए थे लेकिन 11 बजे दोबारा बारिश होने से पहले दिन के खेल पर पानी फिर गया। 
 
 
इससे पहले 14 मार्च को टेस्ट क्रिकेट में शुरुआत के लिए तैयार धवन ने बुधवार शाम को मीडिया से कहा था कि पुजारा फिट हैं और खेलने के लिए तैयार हैं। हालांकि पहले धवन ने कहा कि इसके लिए आपको फिजियो से पूछना होगा। हैदराबाद में दूसरे टेस्ट में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले पुजारा को मंगलवार को नेट प्रैक्टिस के दौरान एक स्थानीय तेज गेंदबाज की गेंद से घुटने पर चोट लगी थी।
 
पिछले मैच में दोहरा शतक जड़ने वाले पुजारा इसके बाद काफी दर्द में दिख रहे थे और उन्हें प्रैक्टिस बीच में छोड़नी पड़ी थी। इसके बाद बायें घुटने में पट्टी बांधे पुजारा ने ट्रेनिंग सत्र में हिस्सा नहीं लिया। पुजारा ने हालांकि बुधवार सुबह नेट पर कुछ देकर बल्लेबाजी की और फिर फील्डिंग कोच ट्रेवर पैनी के साथ कैचिंग सैशन में हिस्सा लिया था। 
 
पिच पर निगाहें
 
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो शुरुआती टेस्ट जीतने के बाद सभी की निगाहें मोहाली में होने वाली तीसरे टेस्ट मैच पर है।  मोहाली की पिच कैसी रहेगी इस पर भी सब की निगाहें लगी होंगी। मैच से पहले विकेट के बारे में यही पता चला था कि पहले दो दिन यह बल्लेबाजों का साथ देगी और फिर स्पिन गेंदबाजों को इस पर अपना हुनर दिखलाने का मौका मिलेगा।
 
मोहाली के पिच क्यूरेटर बलजीत सिंह के मुताबिक इस विकेट से गेंदबाजों को नागपुर और चेन्नई टेस्ट जैसा 'अनइवन बाउंस' नहीं मिलेगा। इसका सीधा यह मतलब निकला कि दोनों टीमों के गेंदबाजों को यहां पर विकेट हासिल करने के लिए अतिरिक्त प्रतिभा का इस्तेमाल करना होगा। कहा जा रहा है कि तेज गेंदबाजों को सुबह की हल्की ठंडक का विशेष लाभ नहीं मिलेगा। पिच क्यूरेटर की बातों से लग रहा है कि मोहाली की पिच भारतीय गेंदबाजों के हिसाब से बनाई गई है। 
 

इतिहास रचने उतरेगी टीम इंडिया, मुरली विजय-धवन करेंगे ओपनिंग

कंगारू टीम के खिलाफ तीसरे टेस्ट में उतरते समय टीम इंडिया का इरादा इतिहास रचने का होगा। चार मैचों की सीरीज में टीम इंडिया 2-0 से आगे है, अगर टीम इंडिया मोहाली में भी जीत दर्ज करती है, तो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन होगा। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया से कभी 3-0 से सीरीज में आगे नहीं हो पाई है और न ही किसी टेस्ट सीरीज में तीन मैच जीत सकी है। ऑस्ट्रेलिया टीम भी इस समय पूरी तरह बिखरी हुई है, जिसका असर मोहाली टेस्ट में देखने को मिल सकता है। 

मोहाली में दोनों बार हारे कंगारू 
 
मोहाली में भारत व ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक दो टेस्ट मैच खेले गए हैं और दोनों में ही टीम इंडिया ने कंगारूओं को शिकस्त दी। 2008 में टीम इंडिया ने 320 रन से जीत दर्ज की थी। इस जीत के हीरो सौरव गांगुली व गौतम गंभीर रहे थे, जिन्होंने शतक जमाए। हालांकि अब गांगुली संन्यास ले चुके हैं और गंभीर टीम में नहीं हैं। हरभजन ने मैच में पांच विकेट लिए थे। इसके बाद अक्टूबर 2010 में खेले गए टेस्ट में धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की थी। तब मैच में एकमात्र शतक ऑस्ट्रेलिया के शेन वाटसन ने लगाया था, जो अब टीम से बाहर कर दिए गए हैं।
 
टेस्ट में पदार्पण करेंगे धवन 
 
2010 में कंगारुओं के खिलाफ अपना वनडे कॅरिअर शुरू करने वाले दिल्ली के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही अपने टेस्ट कॅरिअर का आगाज करेंगे। बुधवार को टीम के अभ्यास के बाद शिखर ने कहा कि सुबह कप्तान धोनी और कोच डंकन फ्लैचर ने उन्हें इस बारे में बताया और ये सुनकर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की ओर से धूम मचाने वाले शिखर के अनुसार उन्हें यह मौका देर से जरूर मिला, लेकिन वे अपने आप को साबित करने में सफल रहे। शिखर ने कहा कि उन्होंने अपने चयन की सूचना सबसे पहले अपने परिवार को दी। 
 
पिच पर कोई संदेह नहीं: क्लार्क
 
भारतीय दौरे पर तमाम परेशानियों से घिरे ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क ने यह साफ कर दिया कि उन्हें पिच को लेकर कोई संदेह नहीं है। उन्होंने कहा कि मुझे यकीन है कि ये पिच स्पिन गेंदबाजों को ही मदद करेगी, क्योंकि उसके ऊपर से पूरी घास काट दी गई है। मुझे पिच को देखकर जरा भी संदेह नहीं हुआ। उन्होंने ये भी कहा कि उनके और वॉटसन के बीच कोई विवाद नहीं है। वे अपने होने वाले बच्चे के लिए काफी उत्साहित हैं, इसीलिए सिडनी लौटे हैं। मैं उनके होने वाले बच्चे की बेहतर सेहत की कामना करता हूं। 
 
अश्विन पर नजर 
 
भारतीय गेंदबाजी का दारोमदार एक बार फिर ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन पर रहेगा। वे सीरीज में अब तक 16.77 के औसत से 18 विकेट झटक चुके हैं। अश्विन के साथ लेफ्ट आर्म स्पिनर रवींद्र जडेजा और हरभजन या प्रज्ञान ओझा स्पिन तिकड़ी के सदस्य होंगे। जडेजा ने 19.00 के औसत से 11 शिकार किए हैं, जबकि हरभजन ने 40.80 के औसत से 5 विकेट लिए हैं। 
 
 
भारतीय स्पिनरों को करनी होगी अनुशासित गेंदबाजीः रवि शास्त्री 
 
भारत के इस दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम खराब कारणों से सुर्खियों में है। मौजूदा हालात ने मोहाली टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम की तैयारियों पर गहरा प्रभाव डाला है। उनके लिहाज से दौरे की अभी तक की सबसे अच्छी पिच के लिए उनके पास पीटर सिडल और मिशेल स्टार्क के रूप में केवल दो ही तेज गेंदबाज हैं। इसका मतलब है कि वे दो स्पिनरों के साथ उतरेंगे। मेहमान टीम में चल रही गतिविधियों पर भारतीय टीम की नजर होगी, जिनके पास अपनी समस्याए हैं। टीम इंडिया इस समय सहवाग के बाद वाली स्थिति से गुजर रही है। साथ ही चेतेश्वर पुजारा के घुटने की चोट ने भी टीम की चिंता बढ़ाई है। यह महत्वपूर्ण है कि बल्लेबाज रनों का अंबार लगाएं। घरेलू हालात में यह बेहद कारगार साबित होता है। 
 
भारत का मजबूत पक्ष 
 
> टॉप ऑर्डर ढेरों रन बना रहा है। 
> स्पिनर रणनीति को सही ढंग से अंजाम दे रहे हैं। 
> फील्डिंग में युवा सितारे फुर्ती दर्शा रहे हैं। 
> कप्तान धोनी की रणनीति कारगर साबित हो रही है। 
 
इधर कंगारू मुसीबत में
 
> वॉटसन-पैटिनसन को निलंबित करने से टीम कमजोर हो गई है। 
> तेज गेंदबाजों की संख्या घटकर दो (सिडल व स्टार्क) रह गई है। जॉनसन भी निलंबित हैं। 
> ओपनर एड कोवन और फिल ह्यूज खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। 
> टीम में स्पिनर नाथन लियोन, मैक्सवेल और डोहर्टी भारतीय स्पिनरों के स्तर के नहीं हैं। 
> अभ्यास के दौरान चेतेश्वर पुजारा (बाएं) व मुरली विजय। 
 
टीमें:
भारतः धोनी (कप्तान), मुरली विजय, शिखर धवन, चेतेश्वर पुजारा, सचिन तेंडुलकर, विराट कोहली, रवींद्र जडेजा, हरभजन/प्रज्ञान ओझा, अश्विन, भुवनेश्वर कुमार और इशांत शर्मा। 
 
ऑस्ट्रेलिया: क्लार्क (कप्तान), एड कोवन, वार्नर, फिल ह्यूज/मैथ्यू वेड, स्टीवन स्मिथ, ब्रेड हैडिन, हैनरिक्स, ग्लेन मैक्सवेल/डोहर्टी, मिशेल स्टार्क, पीटर सिडल और नाथन लियोन। 
 

टॉप-10 रैंकिंग में बल्लेबाज 

 
हाशिम अमला (903) 
माइकल क्लार्क (890) 
चंद्रपॉल (879) 
डिविलियर्स (879) 
कुमार संगकारा (850) 
एलिस्टर कुक (834) 
रॉस टेलर (761) 
जैक्स कैलिस (756) 
यूनुस (748) 
पुजारा (740) 
 
 

आपके विचार
 
 
कोड:
1 + 9

 
Ad Link
विज्ञापन
विज्ञापन
 
 
 
 
Job Alerts
 
 

बड़ी खबरें

रोचक खबरें

विज्ञापन

बॉलीवुड

जीवन मंत्र

क्रिकेट

बिज़नेस

जोक्स

पसंदीदा खबरें

Email Print Comment
Email Print Comment