खेल डेस्क.भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 4 विकेट से तो हरा दिया, लेकिन इसके साथ ही कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टीम के युवाओं को भी चेतावनी दे डाली। धोनी ने रोहित शर्मा की खराब बल्लेबाजी पर उन्हें इशारा करते हुए कहा कि वो सचिन तेंडुलकर, वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर जैसे सीनियरों की कीमत पर खेल रहे हैं।
रोहित शर्मा टेस्ट सीरीज के दौरान अपनी बारी का इंतजार ही करते रहे। जब वनडे और टी-२० में उन्हें मौका मिला तो वो फ्लॉप हो गए। टीम प्रबंधन ने 2015 वर्ल्डकप के मद्देनजर रोहित शर्मा को खेलाया। जबकि टीम में वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर जैसे सीनियर भी मौजूद थे, इसके बावजूद रोहित को वनडे एकादश में बरकरार रखा गया।
धोनी ने मैच के बाद कहा था कि वो रोहित शर्मा को और मौके देना चाहते हैं। लेकिन इसके लिए उन्हें प्रदर्शन करना होगा। भारतीय टीम प्रबंधन आजकल सलामी बल्लेबाजों को बारी-बारी से आजमा रही है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में वीरेंद्र सहवाग बाहर बैठे। इसके बाद श्रीलंका के विरुद्ध गंभीर को आराम दिया गया। अब ऐसे कयास लग रहे हैं कि रविवार को होने वाले मैच में सचिन को बाहर बैठाया जाएगा।