...और अब सचिन तेंडुलकर होंगे टीम से 'आउट'
Source: Agency | Last Updated 17:24(09/02/12)
पर्थ. मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर के महाशतक का इंतजार और लंबा खिंच सकता है क्योंकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को एडिलेड में होने वाले त्रिकोणीय सीरीज के मैच में उन्हें आराम दिया जाने की संभावना है।
रोटेशन नीति के तहत टीम इंडिया ने अपने शीर्ष तीन बल्लेबाजों को बारी-बारी से ब्रेक देने का फैसला किया है। विस्फोटक ओपनर वीरेन्द्र सहवाग को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में खेले गए मैच में
आराम दिया गया था जबकि गौतम गंभीर को श्रीलंका के खिलाफ बुधवार को यहां हुए मैच में ब्रेक दिया गया था।
इसी क्रम में अगली बारी अब सचिन की है। हालांकि कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने इस बात की पुष्टि नहीं की है कि सचिन को आराम दिया जाएगा या नहीं लेकिन कहा कि रोटेशन नीति जारी रहेगी ताकि मध्यक्रम में रोहित शर्मा के लिए जगह बनायी जा सके।
सचिन ने श्रीलंका के खिलाफ मैच में 48 रन बनाए थे। वह पिछली 27 पारियों से 99 अंतरराष्ट्रीय शतकों पर अटके हुए हैं। उन्होंने अपना आखिरी शतक गत वर्ष मार्च में बनाया था।