लंदन. तूफानी फॉर्म में खेल रहे रिकॉर्ड 16 बार के ग्रैंडस्लैम और छह बार के विंबलडन चैंपियन स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर और ब्रिटेन की उम्मीद एंडी मरे के बीच विंबलडन का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। फेडरर ने विश्व के नंबर एक खिलाड़ी और गत चैंपियन सर्बिया के नोवाक जोकोविक को 6-3, 3-6, 6-4, 6-3 से तथा एंडी मरे ने फ्रांस के विल्फ्रेड सोंगा को 6-3, 6-4, 3-6, 7-5 से हराकर विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप के पुरुष सिंगल्स के फाइनल में प्रवेश किया। आठवीं बार फाइनल में पहुंचे फेडरर ने दो घंटे 19 मिनट में जीत दर्ज की। अब वे अमेरिका के पीट सैंप्रास के सात विंबलडन खिताबों के रिकॉर्ड की बराबरी करने से सिर्फ एक कदम की दूरी पर खड़े हैं।