इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन : साइना फाइनल में, कश्यप बाहर
जकार्ता. दुनिया की पांचवीं वरीयता प्राप्त भारत की स्टार खिलाड़ी साइना नेहवाल ने तीसरी बार इंडोनेशिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन का खिताब जीत लिया है। साइना ने चौथी वरीयता प्राप्त चीनी खिलाड़ी झु रुई ली को तीन गेमों तक चले मुकाबले में 13-21, 22-20, 21-19 से पराजित किया।
सायना को यह मुकाबला जीतने के लिए एक घंटे और चार मिनट तक कोर्ट पर पसीना बहाना पड़ा। दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला कांटे का रहा। पहला गेम ज्युरेई ने अपने नाम किया। इसके बाद सायना ने जबर्दस्त वापसी करते हुए दूसरा और तीसरा गेम जीतकर मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया।
साइना इससे पहले २००९ और २०१० में यहां चैंपियन बनी थीं। पिछले साल साइना को यहां रनर अप से संतोष करना पड़ा था, जब फाइनल में उन्हें यिहांग वांग ने हराया था। इस बार फाइनल में साइना की राह आसान नहीं थी, क्योंकि ली के खिलाफ इस पहले उनका रिकॉर्ड एक जीत व चार हार का रहा था।
इस साल साइना की यह तीसरी खिताबी जीत है। उन्होंने मार्च में स्विस ओपन जबकि पिछले रविवार को थाईलैंड ओपन टूर्नामेंट अपने नाम किया था। लंदन ओलम्पिक में साइना भारत की ओर से पदक की दावेदारों में से एक हैं। ऐसे समय में सायना का बेहतरीन फॉर्म में होना भारतीय नजरिये से अच्छा है।
इससे पहले साइना ने शनिवार के सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की जि ह्युन सुंग को २२-२०, २१-१८ से हराते हुए लगातार चौथी बार टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई थी।
सांतोसो ने रोका कश्यप का सफर
इस बीच भारत के पी. कश्यप का विजय अभियान सेमीफाइनल में रुक गया। सातवीं वरीयता प्राप्त इंडोनेशिया के साइमन सांतोसो ने कश्यप को 46 मिनट चले मुकाबले में 21-15, 21-12 से हराया। कश्यप के खिलाफ सांतोसो ने अब तक के सभी चारों मैच जीते हैं। कश्यप का कोर्ट पर प्रदर्शन तो अच्छा था, लेकिन नेट पर सांतोसो ने उन्हें छकाते हुए कई अंक बटोरे। दोनों खिलाडिय़ों ने ११-11 स्मैश विनर लगाए, लेकिन नेट पर सांतोसो ने १२ अंक जीते, जबकि कश्यप पांच अंक ही हासिल कर पाए।
पहले गेम में दोनों खिलाड़ी १४-१४ के स्कोर तक बराबरी पर रहे, लेकिन फिर सांतोसो ने लगातार चार अंक लेने के बाद यह गेम २१-१५ से जीत लिया। दूसरे गेम के शुरू में कश्यप ने बढ़त बनाई, लेकिन फिर स्कोर ९-९ हो गया। सांतोसो ने इसके बाद अंक जुटाने का जो सिलसिला शुरू किया, वह फिर मैच समाप्ति के बाद ही थमा। सांतोसो ने १५-१२ के स्कोर के बाद लगातार छह अंक लेकर गेम और मैच समाप्त कर दिया।









