पर्थ मैदान पर हुई 'बेईमानी' की कोशिश, हुआ खेल भावना का 'अपमान' !
Source: Dainikbhaskar.com | Last Updated 13:29(10/02/12)
खेल डेस्क. ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच हुए सीबी सीरीज के तीसरे मुकाबले में मेहमान टीम के विकेटकीपर कुमार संगकारा ने गलत अपील कर खेल भावना का अपमान कर दिया। संगकारा ने गेंद के जमीन पर लगने के बावजूद कैच की अपील की। हालांकि टीवी रिप्ले ने पूरी बात साफ कर दी।
हुआ कुछ यूं कि ऑस्ट्रेलियाई पारी के 46वें ओवर की अंतिम गेंद पर क्लिंट मैक्के ने एक गलत शॉट खेला। गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर कुमार संगकारा के हाथ में चली गई।
संगकारा ने इस कैच को लपकने के प्रयास में दाहिने तरफ डाइव लगायी। गेंद उनके ग्लब में आने के बाद एक बार बाहर निकलकर जमीन से लग गई थी।
लेकिन इसके बावजूद संगकारा ने अंपायर से कैच की अपील की।
अंपायरों को कैच क्लीन नहीं लगा। इसलिए उन्होंने टीवी रिप्ले देखने का फैसला किया। रिप्ले में संगकारा की बेईमानी साफ नजर आ गयी।
संगकारा एक अनुभवी विकेटकीपर हैं। साल 2000 से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे संगकारा श्रीलंकाई टीम की अगुवाई भी कर चुके हैं।