IPL इतिहास रच कर सचिन पर भी भारी पड़े सहवाग

नई दिल्ली. वीरेंद्र सहवाग ने आईपीएल के इतिहास में नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने टूर्नामेंट में लगातार चौथा अर्धशतक बनाया। इससे पहले दो बल्लेबाजों ने तीन लगातार अर्धशतक जमाए हैं। सचिन तेंडुलकर भी आईपीएल में लगातार तीन अर्धशतक जमा चुके हैं।
सहवाग ने रविवार को राजाधानी के फिरोजशाह कोटला मैदान पर यह इतिहास रचा। इस मैच में क्रिकेट के साथ ही दिल जीतने की भी जंग हुई जिसमें राजस्थानी रणबांकुरे अजिंक्य रहाणे (84* ) ने अंतिम गेंद तक किला लड़ाकर दर्शकों का दिल जीता और दिल्ली के कप्तान वीरू ( 63) ने मैच।
मेजबान दिल्ली डेयरडेविल्स ने आईपीएल-5 के सबसे रोमांचक मैच में राजस्थान रॉयल्स को एक रन से हराया। मेहमान टीम दिल्ली के 152 रन के जवाब में तीन विकेट पर 151 रन ही बना सकी। द्रविड़ और रहाणे के बीच हुई 99 रनों की ओपनिंग साझेदारी भी बेकार गई। 63 रन बनाने वाले दिल्ली के कप्तान वीरेंद्र सहवाग को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।
राजस्थान रॉयल्स को जीत के लिए अंतिम गेंद पर दो रन चाहिए थे। क्रीज पर थे अजिंक्य रहाणे। 84 रन पर नाबाद। लेकिन ऑरेंज कैपधारी यह बल्लेबाज उमेश यादव की अंतिम गेंद पर एक भी रन नहीं बना सका।
यह टूर्नामेंट में दिल्ली सातवीं जीत है। मैच का टर्निंग ओवर राजस्थान की पारी का 19वां ओवर रहा। इसे दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्केल ने फेंका। तब रॉयल्स को 12 गेंद पर 15 रन चाहिए थे। मोर्कल ने तीन रन ही दिए। ब्रैड हॉज को आउट भी किया। इसके बाद राजस्थान को अंतिम छह गेंद पर 12 रन की जरूरत थी। वह 10 रन ही बना सका।
रहाणे ने सहवाग से छीनी ऑरेंज कैप :मैच शुरू होने से पहले टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन 332 अजिंक्य रहाणे के नाम थे। खेल शुरू हुआ और सहवाग ने 63 रन ठोककर रहाणे से ऑरेंज कैप छीन लिया। जब सहवाग आउट हुए तब टूर्नामेंट में उनके 372 रन हो चुके थे। लेकिन रहाणे भी कहां मानने वाले थे। उन्होंने 84 रन बनाए। एक बार फिर ऑरेंज कैप उनके सिर पर पहुंच गई। रहाणे ने टूर्नामेंट में कुल 416 रन बनाए हैं।
अंतिम ओवर का रोमांच
राजस्थान को आखिरी ओवर में जीत के लिए १२ रन की जरूरत थी, गेंदबाज : उमेश यादव
पहली गेंद रहाणे (कोई रन नहीं)
दूसरी गेंद रहाणे (१ रन)
तीसरी गेंद शाह (१ रन)
चौथी गेंद रहाणे (६ रन)
पांचवीं गेंद रहाणे (२ रन)
छठी गेंद ओवेस शाह (रनआउट)






