कल तक था शेन वार्न की शान, अब कर रहा खेतों में काम
Dainikbhaskar.com | May 07, 2012, 15:08PM IST

वार्न ने ट्विटर पर अपना दुख जाहिर करते हुए लिखा, "बड़ी हैरानी की बात है। कामरान जैसा प्रतिभावान क्रिकेटर आईपीएल में खेलने की जगह खेतों में काम कर रहा है। मेरे लिए यह प्रतिभा की बर्बादी करना है। उम्मीद है तुम ठीक हो दोस्त।"
कौन हैं कामरान?
कामरान खान को साल 2009 में राजस्थान रॉयल्स ने अपनी टीम में शामिल किया था। टीम के तत्कालीन कप्तान वार्न ने कामरान को प्रतिभावान खिलाड़ी करार देते हुए कहा था कि कामरान आगे जाकर एक स्टार खिलाड़ी बनेगा। लेकिन अब यही कामरान आजमगढ़ के खेतों में काम कर रहा है।
21 साल के कामरान को पिछले साल पुणे वारियर्स ने अनुबंधित किया था। लेकिन फ्रेंचाइजी के मालिकों ने यह कहकर उन्हें वापस घर भेज दिया कि फिलहाल टीम को उनकी जरूरत नहीं है। इसके साथ ही पुणे टीम ने कामरान को 10 लाख रुपए भी अदा किए।
कामरान ने राजस्थान रॉयल्स के साथ खेलते हुए 19.66 की औसत से 9 विकेट लिए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 18 रन देकर 3 विकेट लेने का रहा, जो कि उन्होंने केपटाउन में 23 अप्रैल 2009 को कोलकाता के खिलाफ हुए मैच में किया था।






