'WARNING ! कमजोर दिल के मरीज कृप्या इसे ना देखें'

खेल डेस्क.आईपीएल-5 में नजदीकी मुकाबलों ने टूर्नामेंट का रोमांच दोगुना कर दिया है। अंतिम गेंदों पर सांसे रोक देने वाले मुकाबले देखने के बाद पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने ट्विटर पर चेतावनी जारी की है।
मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपरकिंग्स को अंतिम गेंद पर हराया। ड्वेन स्मिथ ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। इस रोमांचक मैच के साक्षी रहे मांजरेकर ने ट्विटर पर अपने उत्साह का वर्णन करते हुए लिखा, "जरूरी चेतावनी। कमजोर दिल के मरीज कृप्या कर आईपीएल-5 को ना देखें।"
वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को हुआ मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। चेन्नई सुपरकिंग्स ने मुंबई के सामने जीत के लिए 174 रन का लक्ष्य रखा। धीमी पिच पर इतने रन बनाना मेजबान टीम के लिए एक बड़ी चुनौती थी। हालांकि सचिन तेंडुलकर (74) और रोहित शर्मा (60) ने अर्धशतक लगाकर टीम को लक्ष्य के करीब तक पहुंचाया, लेकिन इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद टीम एकाएक बिखर गई।
मुंबई के 6 विकेट महज 25 रन के योग पर गिर गए। निर्णायक ओवर में मुंबई को जीत के लिए 16 रनों की दरकार थी। पहली गेंद पर स्मिथ ने एक रन लिया। इसकी अगली ही गेंद पर मलिंगा को हिल्फेनहास ने क्लीन बोल्ड कर दिया। क्रीज पर नए आए आर पी सिंह ने जैसे-तैसे ओवर की तीसरी गेंद पर एक रन लेकर स्ट्राइक स्मिथ को दी।
चेन्नई के कप्तान धोनी को भरोसा था कि ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी गेंदबाज हिल्फेनहास मामले को संभाल लेंगे। लेकिन स्मिथ ने उनके इरादों पर पानी फेर दिया।
स्मिथ ने 20वें ओवर की चौथी गेंद पर शानदार छक्का लगाया। हिल्फेनहास ने अगली गेंद फुलटॉस गेंद डालकर एकबार फिर स्मिथ को बल्ला भांजने का मौका दे दिया। स्मिथ ने ओवर की पांचवी व छठी गेंद पर लगातार चौके लगाकर टीम को जीत दिला दी।
मौजूदा आईपीएल सीजन में यह पांचवा मुकाबला था, जिसका नतीजा अंतिम गेंद पर निकला। इससे पहले मुंबई इंडियंस ने ही 9 अप्रैल को हुए ऐसे रोमांचक मुकाबले में डेक्कन चार्जर्स को पांच विकेट से हराया था। तब रोहित शर्मा ने अंतिम गेंद पर विजयी छक्का लगाया था।
आईपीएल-5 के पांच सबसे रोमांचक मैच इस प्रकार से रहे..






