किसी कंगारू नहीं, इस इंडियन के नाम है टी-20 शतक
Source: Dainikbhaskar.com | Last Updated 09:08(01/02/12)
खेल डेस्क. ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज तेज बल्लेबाजी करने के लिए मशहूर हैं। लेकिन अंतरराष्ट्रीय ट्वेंटी-20 क्रिकेट में आज तक कोई ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज शतक नहीं ठोक सका है। भारतीय टीम इस मामले में मेजबान टीम से बेहतर है। भारत के लिए सुरेश रैना के नाम टी-20 सैकड़ा दर्ज है।
सुरेश रैना ने 2 मई 2010 को कैरिबियाई मैदान ग्रॉस आइलेट पर खेले गए टी-20 वर्ल्डकप मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 101 रन की पारी खेली थी। टी-20 क्रिकेट के इतिहास का यह तीसरा शतक है। रैना ने अपनी शतकीय पारी में 9 चौके और 5 छक्के लगाए थे।
अंतरराष्ट्रीय ट्वेंटी-20 क्रिकेट में अबतक कुल पांच बल्लेबाजों ने शतक लगाए हैं। सबसे पहले वेस्ट इंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल ने यह कारनामा किया था। गेल ने 11 सितंबर 2007 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहानिसबर्ग में हुए मैच में धुआंधार 117 रन बनाए थे। इस शतकीय पारी में गेल ने 7 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के लगाए थे।
टी-20 में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़ी पारी पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने खेली है। पोंटिंग ने 2005 में न्यूजीलैंड के विरुद्ध मुकाबले में नाबाद 98 रन बनाए थे।