इस पाकिस्तानी रिकॉर्ड को अब नहीं तोड़ पाएंगे सचिन

खेल डेस्क.मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर ने 100 अंतर्राष्ट्रीय शतक लगाकर अपना नाम क्रिकेट इतिहास में अमर कर दिया है। लेकिन टेस्ट क्रिकेट में एक ऐसा रिकॉर्ड अभी बाकी है, जिसे अब शायद वो चाहकर भी कभी नहीं तोड़ पाएंगे। यह रिकॉर्ड है - एक कैलेंडर इयर में सर्वाधिक शतक व रन।
टेस्ट क्रिकेट का यह खास रिकॉर्ड पाकिस्तान के मोहम्मद यूसुफ के नाम है। यूसुफ ने साल 2006 में महज 11 टेस्ट मैच खेलकर इस कीर्तिमान को स्थापित किया था। पिछले 6 सालों में कोई बल्लेबाज इसे पार नहीं कर सका है।
क्या है रिकॉर्ड
यूसुफ ने साल 2006 में 99.33 की बेहतरीन औसत से 1788 रन बनाए थे। कुल 11 टेस्ट मैचों की 19 पारियों में यूसुफ ने 9 शतक और 3 अर्धशतक लगाए थे। सर्वाधिक रन और शतक के साथ-साथ यूसुफ ने एक कैलेंडर इयर में सर्वाधिक चौके लगाने का भी नया रिकॉर्ड बनाया था। साल 2006 में यूसुफ के बल्ले से रिकॉर्ड 222 चौके निकले थे।
यह कारनामा कर यूसुफ ने वेस्ट इंडीज के दिग्गज बल्लेबाज विवियन रिचर्ड्स का 30 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था। रिचर्ड्स ने 1976 में 11 टेस्ट मैच खेलकर 90 की औसत से 1710 रन बनाए थे। उस कैलेंडर इयर में उन्होंने 7 शतकीय और 5 अर्धशतकीय पारियां खेली थीं।
पर नहीं बना सके लगातार शतकों का रिकॉर्ड
मोहम्मद यूसुफ ने एक साल में सर्वाधिक शतक तो लगाए, लेकिन वो लगातार सेंचुरी लगाने का रिकॉर्ड नहीं बना सके। यूसुफ ने साल का पहला सैकड़ा भारत के खिलाफ लाहौर टेस्ट में लगाया था। यूसुफ के 9 शतकों का ब्यौरा इस प्रकार से रहा-
भारत - 176 (लाहौर), 126 (फैसलाबाद)
इंग्लैंड - 202 (लॉर्ड्स), 192 (लीड्स), 128 (ओवल)
वेस्ट इंडीज - 192 (लाहौर), 191 (मुल्तान), 102 और 124 (कराची)
2010 में सचिन पहुंचे करीब
साल 2010 में सचिन तेंडुलकर यूसुफ के इस महा-रिकॉर्ड के करीब पहुंचे थे। लेकिन वो 226 रन से पीछे रह गए थे। 2010 में सचिन ने 14 मैचों की 23 पारियों में 78.10 की औसत से 1562 रन बनाए थे। इसमें 7 शतक और 5 अर्धशतक शामिल थे।







