कोच ने चेताया, सचिन को लगातार लग रही है चोट

नई दिल्ली. टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज सचिन तेंडुलकर के शरीर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट भारी पड़ने लगा है। उनकी उंगलियां इतनी ज़ख़्मी हैं कि वे प्रैक्टिस सेशन में फील्डिंग का ज़्यादा अभ्यास ही नहीं करते हैं। मुंबई इंडियंस के फील्डिंग कोच और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जॉन्टी रोड्स ने यह दावा किया है। रोड्स ने कहा है कि उनकी कोशिश रहती है कि आईपीएल के अभ्यास के दौरान सचिन की उंगलियों पर चोट न लगे।
रोड्स ने कहा, 'मैं उनसे लगातार पूछता रहता हूं कि उनकी उंगलियों का क्या हाल है क्योंकि मैं नहीं चाहता हूं कि वे अभ्यास के लिए आएं और अचानक टूटी हुई उंगलियों के साथ वापस लौट जाएं। उनकी उंगलियों पर लगातार चोट लगती रहती है। वे लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे हैं और उनके हाथ में कई बार चोट लग चुकी है और मैं नहीं चाहता हूं कि उनके हाथों की हालत और खराब हो। मैं इस बात का ध्यान रखता हूं कि फील्डिंग करते समय उन्हें दिक्कत न हो। मैं यह भी नहीं चाहता हूं कि सचिन हर बार फील्डिंग की प्रैक्टिस के लिए आएं।'
क्या कोई तेंडुलकर के 100 शतकों का रिकॉर्ड तोड़ सकता है? इसके जवाब में अद्भुत फील्डिंग के लिए मशहूर रहे जॉन्टी ने कहा, 'रिकॉर्ड तोड़ने के लिए बने हैं। क्या कभी किसी ने सोचा था कि सचिन 100 शतक लगाएंगे? लेकिन अभी ये कहना जल्दबाजी होगी कि विराट कोहली जैसे क्रिकेटर सचिन की बराबरी कर लेंगे। हालांकि, 50 रनों की पारी को 100 में बदलने की कोहली की क्षमता का मैं कायल हूं।'
गौरतलब है कि सचिन इस समय लंदन में हैं और बताया जा रहा है कि वे इलाज के सिलसिले में वहां मौजूद हैं।
सचिन, सहवाग और गंभीर जैसे टीम इंडिया के वरिष्ठ क्रिकेटरों की फील्डिंग पर धोनी ने ऑस्ट्रेलिया में सवाल खड़े किए थे, जिस पर विवाद हो गया था। लेकिन रोड्स की टिप्पणी के बाद यह कहा जा सकता है कि धोनी की सचिन की फील्डिंग को लेकर की गई टिप्पणी बहुत गलत नहीं थी।
युवी से मिले सचिन, मांजरेकर बोले- किसी की राह में रोड़ा नहीं हैं तेंडुलकर
कोहली या शर्मा तोड़ सकते हैं सौ शतकों का मेरा रिकॉर्ड: सचिन







