उमेश यादव का कमाल, बचा लिया 78 साल पुराना कंगारू रिकॉर्ड
Source: Dainikbhaskar.com | Last Updated 11:04(25/01/12)
खेल डेस्क. टीम इंडिया के युवा तेज गेंदबाज उमेश यादव एडिलेड टेस्ट में फ्लॉप साबित हो रहे हैं। लेकिन उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क और रिकी पोंटिंग को 78 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने से रोक दिया। यादव ने दोहरा शतक लगाने वाले माइकल क्लार्क को क्लीन बोल्ड कर ऐसा संभव किया है।
पोंटिंग और क्लार्क की जोड़ी क्रीज पर जमी हुई थी। दोनों बल्लेबाज चौथे विकेट के लिए 386 रन जोड़ चुके थे। लेकिन उमेश यादव ने लंच के बाद शुरू हुए खेल के पहले ही ओवर में क्लार्क का काम तमाम कर दिया।
चौथे विकेट के लिए सर्वाधिक रन जोड़ने का ऑस्ट्रेलियाई रिकॉर्ड सर डॉन ब्रेडमैन और पोन्सफोर्ड के नाम है। इन दोनों बल्लेबाजों ने 20 जुलाई 1934 को हुए इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स टेस्ट में चौथे विकेट के लिए 388 रन जोड़े थे। कोई अन्य ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी आजतक इस रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पायी है।
चौथे विकेट के लिए सर्वाधिक रनों की पार्टनरशिप का रिकॉर्ड श्रीलंका के महेला जयवर्धने और थिलन समरवीरा के नाम है। इन दोनों ने पाकिस्तान के खिलाफ 2009 कराची टेस्ट में 437 रन जोड़े थे।
एडिलेड टेस्ट की पहली पारी में क्लार्क 210 रन बनाकर आउट हुए। क्लार्क ने अपनी इस शतकीय पारी में 21 चौके भी लगाए।
मौजूदा सीरीज में यह क्लार्क का लगातार दूसरा दोहरा शतक है। यह कारनामा करने वाले वो ऑस्ट्रेलिया के दूसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले ब्रेडमैन ने यह कारनामा दो बार किया है। एक बार 1937 में और एक बार 1930 में ब्रेडमैन ने लगातार दो दोहरे शतक लगाए थे।