खेल डेस्क.टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया में हार का सिलसिला तोड़ते हुए श्रीलंका पर 4 विकेट से जीत दर्ज की। सीबी सीरीज के दूसरे मैच में भारतीय टीम ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया। वैसे तो हर खिलाड़ी ने इस जीत में अपना योगदान दिया, लेकिन कुछ ऐसे खास प्रदर्शन थे जो कि मैच विनर साबित हुए। आइए इन खिलाड़ियों पर डालते हैं एक नजर...
जहीर का बेहतरीन स्पेल
10 महीने के बाद वनडे क्रिकेट में वापसी कर रहे जहीर खान ने पर्थ वनडे में शानदार गेंदबाजी की। जहीर ने पहली ही गेंद से बल्लेबाजों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। जहीर ने अपने पहले स्पेल में दो कीमती विकेट चटकाए। उन्होंने उपुल थरंगा और कुमार संगकारा को सस्ते में आउट किया। जहीर ने 44 रन देकर 2 विकेट लिए।
ऑलराउंडर अश्विन का धमाल
ऑफ स्पिनर आर अश्विन का टी-20 मुकाबलों में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में भी वो फ्लॉप रहे थे। लेकिन श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने पूरी कसर निकाल दी। अश्विन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 अहम विकेट झटके।
गेंदबाजी के बाद अश्विन ने बल्ले से भी जौहर दिखाया। अश्विन ने 38 गेंदों में 30 रन बनाए।
कोहली की विराट पारी
विराट कोहली ने अपना फॉर्म जारी रखते हुए करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। कोहली ने 8 चौके और 1 छक्के की मदद से 77 रन बनाए। कोहली ने फील्डिंग के जरिए भी टीम की जीत में योगदान किया। कोहली ने दिलशान का बेहतरीन कैच लपका और साथ ही कई रन भी बचाए।