दुनिया का दिल जीत रही है एक पुलिसवाले की यह तस्वीर

यदि आप पुलिसवालों को सिर्फ उगाही करने वाला सरकारी एजेंट या फिर वसूली के लिए अधिकृत गुंडा मानते हैं तो फिर न्यूयॉर्क पुलिस के एक जवान की तस्वीर देखकर पुलिस के बारे में न सिर्फ आपकी राय थोड़ा बदलेगी बल्कि आप भारत में भी ऐसी ही पुलिस होने के लिए दुआ भी करेंगे।
आजकल इंटरनेट पर न्यू यॉर्क पुलिस डिपार्टमेंट के एक जवान की तस्वीर खूब साझा की जा रही है। दुनियाभर में इस तस्वीर को लाखों बार देखा गया है। तस्वीर में एक पुलिसकर्मी सड़क किनारे बैठे व्यक्ति को नए जूते और मौजे खरीद कर दे रहा है। यह तस्वीर अमेरिका के प्रसिद्ध टाइम्स स्कवायर पर खींची गई है।
तस्वीर में दिख रहे पुलिस अधिकारी लारेंस डिप्राइमों ने फोटो प्रकाशित होने के बाद एक समाचार एजेंसी से कहा, 'उस व्यक्ति को देखकर मेरे मन में रात की ठंड का ख्याल आया। मैं अभी तक जितने भी लोगों से मिला हूं वो उनमें सब से विनम्र था।'
लारेंस की फोटो एक सैलानी महिला ने उन्हें बिना बताए खींचकर सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट पर शेयर कर दी थी जिसके बाद इसे दुनियाभर में साझा किया जा रहा है। यह तस्वीर साबित करती है कि पुलिसवाले भी आम इंसान ही होते हैं।
लारेंस की इस फोटो को न्यू यॉर्क पुलिस ने अपने फेसबुक पेज पर भी साझा किया था। तब से इसे लगभग दो लाख बार शेयर किया जा चुका है और 6 लाख से अधिक लोगों ने इसे पसंद किया है।







