'लगता है इमिग्रेशन अफसरों को शाहरुख के ऑटोग्राफ लेने होते हैं'
नई दिल्ली. बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को अमेरिका के एक एयरपोर्ट पर हिरासत में लेने पर दुनिया भर में फैले उनके प्रशंसकों ने सोशल नेटवर्किंग साइट टि्वटर और फेसबुक पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करनी शुरू कर दी। इनमें से ज्यादातर लोग नाराज ही दिखे। लोगों ने अमेरिकी प्रशासन के इस रवैये की जमकर आलोचना की।
किंग खान को कुछ साल पहले भी एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया जा चुका है। गीतकार जावेद अख्तर ने कडी़ प्रतिक्रिया जताते हुए कहा “ हमें भी अमेरिकी नागरिकों की तलाशी लेना शुरू कर देना चाहिए।” टि्वटर पर संजत झा ने अपना तकलीफ बयां करते हुए लिखा “अमेरिकी प्रशसान को खुद को दुरुस्त करना चाहिए। दुनिया में अमेरिकी एक्टर टॉम क्रूज से ज्यादा प्रशंसक शाहरुख खान के है और आंकड़े इसके गवाह है।”
एक प्रशंसक जिलियन सी योर्क ने लिखा “लगता है कि प्रशासन के लोगों को शाहरुख खान के ऑटोग्राफ चाहिए होते हैं इसलिए वे किंग खान को हिरासत में लेकर अपना काम कर लेते हैं।” हालांकि जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की राय जरा अलग किस्म की थी। उन्होंने कहा “ईमानदारी से कहूं तो यह ज्यादा बड़ी बात नहीं है। एयरपोर्ट पर हमेशा यही होता रहता है और सभी लोगों के साथ होता है। इससे ऊपर उठना होगा।”









