फैजाबाद/लखनऊ. जिले के पूराकलंदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को छापामारी करने गए आबकारी विभाग के एक दल ने छापेमारी के दौरान एक महिला पर मिट्टी का तेल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया। महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आबकारी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि महिला संतोष कुमार व उसका पति स्मैक बेचते थे और महिला ने खुद ही खुद को आग लगाई है। जिला अस्पताल में भर्ती गंभीर रूप से झुलस चुकी महिला ने मृत्युपूर्व दिए मजिस्ट्रेटी बयान में आबकारी विभाग के सिपाहियों पर आरोप लगाया है। वहीं इस घटना के बाद गांव में जमकर बवाल हुआ और विभाग की जीप तोड़ डाली गई।
घटना पूराकलंदर थाना क्षेत्र के ग्राम सनेथू नत्थनपुरवा की है। आबकारी विभाग के एक दल ने शुक्रवार को गांव के नरेंद्र सिंह के घर दबिश दी। दल का दावा है कि नरेंद्र व उनकी पत्नी संतोष कुमारी स्मैक बेचते थे तथा छापे के दौरान इनके पास से 22 पुड़िया स्मैक मिली। नरेंद्र सिंह फरार हो गया और उसकी पत्नी ने गिरफ्तारी से बचने को आग लगा ली। मामले के सामने आने पर आबकारी महकमा बचाव की मुद्रा में आ गया है। मजिस्ट्रेट को दिए गए बयान में संतोष कुमारी ने आबकारी सिपाहियों पर केरोसिन डालकर जलाने का आरोप लगाया है। जिला आबकारी अधिकारी देवेंद्र जैन देर शाम तक यह नहीं बता सके कि आखिर माजरा क्या था? उन्होंने बताया कि मातहत अधिकारियों ने अभी कोई आख्या अभी नहीं दी है।
मामला शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे का है। आबकारी निरीक्षक मुकेश शर्मा दो सिपाहियों मोहम्मद शमीम व प्रदीप के साथ पूराकलंदर थाना क्षेत्र के सनेथू नथन का पुरवा में नरेंद्रदेव सिंह के घर पर छापामार कर उसे पकड़ लिया और स्मैक की तलाश करने लगे। इस बीच नरेंद्र भागने में कामयाब रहा। तब संतोष कुमार को पकड़ने के लिए आबकारी सिपाही लपके। इस पर संतोष कुमारी ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। उसने कहा कि जिसने गलत किया है, उसी को पकड़ा जाए, उसे न परेशान कर जिंदगी बर्बाद न की जाए। इसके बाद भी सिपाही दरवाजा तोड़ दिया और अंदर घुस गए। कुछ देर बाद महिला आग की लपटों से घिरी दिखी।