महाकुंभ में ब्लैक कैट कमांडो तैनात, सेना भी सतर्क
मौनी अमावस्या के स्नान पर्व में शामिल होने के लिए करीब 2 करोड़ लोग संगम क्षेत्र में स्नान के लिए आने वाले हैं। भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने तैयारी कर ली है। मेला क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और कमांडो बुला लिए गए हैं। मेले में आने वाली सभी गाड़ियों को पूरी सुरक्षा जांच के बाद ही मेले में आने दिया जा रहा है। आज शनिवार शाम से बड़ी और छोटी सभी गाड़ियों का प्रवेश प्रतिबंधित होगा।
एसएसपी कुंभ आरकेएस राठौर के मुताबिक भीड़ के अनुसार यातायात व्यवस्था में फेरबदल संभव है। मेले में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात व्यवस्था की कमान एक एसपी, एक एडिशनल एसपी, तीन डिप्टी एसपी, पांच ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 10 ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर और 215 ट्रैफिक कांस्टेबलों को सौंपी गई है। मेले में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 126 चेकिंग बैरियर और 822 मोबाइल बैरियर भी बनाए गए हैं।इस के अलावा में सुरक्षा के मद्दे नज़र पूरे मेले को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। मेले में किसी तरह की कोई दिक्कत न हो इसके लिए 30 पुलिस थाने, 40 चौकियां, 30 फायर स्टेशन, 11 वायरलेस ग्रीड, 37 कण्ट्रोल वाच टावर, 24 फायर वाच टावर,100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
दस फरवरी को इस स्नान पर्व पर लगभग 2 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। कुंभ मेला व इलाहाबाद जिला प्रशासन ने भी इस बड़े पर्व को लेकर अपनी व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने की कवायद शुरू कर दी है। मौनी अमावस्या के दौरान मेला क्षेत्र की सुरक्षा की कमान एटीएस, आइटीबीपी और सीआरपीएफ के कमांडो को सौंप दी गई है। विभिन्न प्रांतों से स्पाटर्स (विशेष जासूस) भी मेले में पहुंच गए हैं।