इलाहाबाद: बसंत पंचमी के पर्व पर आज भोर शुरू होने वाले महाकुंभ के तीसरे शाही स्नान पर इलाहाबाद रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों का नज़ारा गुरुवार की रात बदला बदला नज़र आया। मौनी अमावस्या के महास्नान की शाम जिस इलाहाबाद रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ के बाद भगदड़ में 37 लोगों की मौत हुई थी, वहां गुरुवार की रात लगभग सन्नाटा सा पसरा दिखा। ख़ास करके जिस प्लेटफार्म नंबर 5-6 पर उस शाम हादसा घटा था वहां लगभग सन्नाटा ही दिखा।
dainikbhaskar.com की टीम ने जब स्टेशन का गुरुवार देर रात दौरा किया तो सुरक्षाकर्मियों को ड्यूटी पर मुस्तैद पाया, साथ ही पूरे स्टेशन पर भीड़ बहुत कम दिखी। स्टेशन पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों का यह मानना था की मौनी अमावस्या के महास्नान से पहले की रात जिस स्टेशन पर तिल रखने भर की जगह भी नहीं थी वहीं पर गुरुवार की रात उस रात से 40-50 फीसदी कम भीड़ थी।
सिर्फ स्टेशन ही नहीं बल्कि स्टेशन के मेन हाल और सिर्कुलाटिंग एरिया में भी भीड़ मौनी अमावस्या की रात के मुकाबले 30-40 फीसदी कम थी। वहीं स्टेशन के बाहर की रोड पर ही नहीं बल्कि स्टेशन से त्रिवेणी संगम-मेल क्षेत्र को जाने वाली लीडर रोड, विवेकानंद मार्ग और साउथ मलक्का रोड पर भी भीड़ नाम मात्र की ही दिखी।
प्रशासन से जुड़े सूत्रों का मानना था की मौनी अमावस्या स्नान के बाद के हादसे और कड़े सुरक्षा प्रबंधों के चलते भीड़ में 30-40 फीसदी की कमी आयी है। मेला क्षेत्र को शास्त्री ब्रिज से जोड़ने वाली सड़क रात 1 बजे पूरे तरह श्रधालुओं से गुलज़ार दिखी और सभी उम्र के लोगो संगम की और भारी संख्या में स्नान के लिए कूच करते दिखे।
आइये देखते है तस्वीरों में बसंत पंचमी के शाही स्नान से पहले की रात की रिपोर्ट।