कांग्रेस यूपी को बनाएगी बलात्कार मुक्त प्रदेश!
Source: एजेंसी | Last Updated 11:37(01/02/12)
कानपुर। केन्द्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने मंगलवार को यहां कहा कि दुष्कर्म पीड़ित महिलाओं को नौकरी देने के बजाय कांग्रेस सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत करेगी, ताकि उप्र बलात्कार मुक्त प्रदेश बने। इसी तरह छात्रों और युवाओं को लैपटाप और टैबलेट देने के बजाय उनके लिए अगले पांच वर्षों में 20 लाख रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगी।
उप्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का घोषणापत्र जारी करते हुए सोनी ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर मुख्यमंत्री कार्यालय में एक ऐसे प्रकोष्ठ का गठन किया जाएगा, जो घोषणापत्र में किए गए वायदों को लागू करने में मदद करेगा तथा हर छह माह बाद इनकी समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह वायदा नहीं करती कि वह दुष्कर्म पीड़ित हर महिला को सरकारी नौकरी देगी बल्कि वह यह वायदा करती है कि प्रदेश को बलात्कार मुक्त बनाने की दिशा में कठोर कदम उठाएगी। प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत की जाएगी और बलात्कारी को इतनी कठोर सजा दिलाई जाएगी कि प्रदेश में बलात्कार के नाम से लोगों की रूह कांपे।
कांग्रेस हर जिले में कम से कम एक महिला पुलिस स्टेशन स्थापित करेगी तथा हर पुलिस स्टेशन पर हर समय कम से कम एक महिलाकर्मी की मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अगर कोई महिला पुलिस स्टेशन पर अपनी समस्या लेकर आती है तो उस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार विमर्श किया जा सके।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में युवाओं और छात्रों को किसी भी तरह का लैपटाप या टैबलेट देने का लॉलीपाप नहीं दिया है, बल्कि उप्र कौशल और रोजगार मिशन की शुरुआत की है। कांग्रेस के घोषणापत्र में प्रभावी भ्रष्टाचार विरोधी नीति का विकास करना और लागू करने का वायदा किया गया है।
इसके अलावा लोकायुक्त की स्वतंत्रता सुनिश्चित क रना और मुख्यमंत्री को लोकायुक्त के दायरे में भी लाया जाएगा। यहीं नहीं प्रति वर्ष मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के सभी मंत्रियों एवं उनके परिवार के सभी सदस्यों की आमदनी और सम्पत्तियों के विवरण के प्रकाशन को सुनिश्चित करना है।
इसके अतिरिक्त सभी लोक सेवकों, मंत्रियों, विधायकों और विधानपरिषद सदस्यों के लिए आचार संहिता लागू कराना भी शामिल है। यह घोषणापत्र कांग्रेस महासचिव का उप्र को अगले पांच सालों मे सबसे सफल प्रदेश बनाने का सपना है, जो कांग्रेस की सरकार अवश्य पूरा करेगी।
इस मौके पर केंद्रीय कोयला मंत्री और स्थानीय सांसद श्रीप्रकाश जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में अन्य राजनीतिक दलों की तरह कोई भी हवा हवाई वायदे नहीं किए हैं। कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में कम से कम आठ घंटे बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस चौबीस घंटे बिजली देने का झूठा वायदा नहीं कर सकती है, क्योंकि उसे मालूम है कि प्रदेश में कितना बिजली उत्पादन होता है और उस हिसाब से ऐसा वायदा कि या है, जिसको हमारी पार्टी सत्ता में आने के बाद निभा सके। जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र के एक-एक वायदे की प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद समीक्षा की जाएगी।