लखनऊ. मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही अखिलेश यादव ने कहा था कि उनकी पार्टी में जो भी पदाधिकारी हैं उनके अलावा कोई भी कार्यकर्ता अपनी गाड़ियों पर समाजवादी झंडे का इस्तेमाल नहीं करेगा। मगर ऐसा नहीं हुआ। पार्टी के बेअंदाज कार्यकर्ता धड़ल्ले से अपनी गाड़ियों पर पार्टी के झंडे लगाते दिखाई पड़े। यहीं नहीं जिन्होंने झंडा ने लगाया उन्होंने मिशन 2014 का पार्टी का स्टीकर चिपकाकर खुद को समाजवादी पार्टी से जुड़ा साबित किया। और तो और कई कार्यकर्ता ऐसे भी सामने आए, जिन्होंने अपनी गाड़ियों में हूटर और लालबत्ती तक लगा दी। ऐसे बेअंदाज कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई करने के लिए समाजवादी पार्टी तैयार हो गई है। सूत्रों के अनुसार करीब 4000 ऐसे कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर ली गई है, जल्द ही चरण बद्ध तरीके से इनके खिलाफ कार्रवाई होगी। इस कार्रवाई में पार्टी से निष्कासन शामिल है।