'मोदी नहीं होगे पीएम पद के उम्मीदवार'

लखनऊ। यूपी में मजबूती के लिए हो रही आगरा चिंतन बैठक में भाजपा 'कौन होगा प्रधानमंत्री?' के सवाल से जूझ रही है। ताजमहल और यमुना के शहर में भाजपा का चिंतन पार्टी का चेहरा तय कर पाने में उलझ गया। पार्टी की मुश्किल अगले प्रधानमंत्री को लेकर तो है कि यूपी में जनाधार बढ़ाने वाले चेहरे की तलाश भी कठिन चुनौती है।
सोमवार को आगरा पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा है कि भाजपा प्रधानमंत्री के रूप में किसी को प्रोजेक्ट नहीं करेगी। भावी प्रधानमंत्री पर फैसला लोकसभा चुनाव के बाद एनडीए करेगा। हालांकि उन्होने पार्टी के भीतर प्रधानमंत्री पद के दावेदारों का नाम भी गिना दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा में लालकृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली और राजनाथ सिंह प्रधानमंत्री पद के योग्य हैं। गडकरी ने गुजरात के सीएम नरेंद्र मोदी को राष्ट्रीय नेता बताया।
मोदी के बतौर प्रधानमंत्री प्रस्तुत किए जाने के सवाल पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वह राष्ट्रीय नेता हैं। गुजरात में चल रहे विवाद पर भी टिप्पणी से इन्कार कर दिया। आडवाणी के ब्लॉग को लेकर पूछे गए सवाल को टालते हुए गडकरी ने वह बड़े नेता हैं। वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।
आगरा में हुई दो दिन बैठक को पार्टी के लोकसभा चुनाव की तैयारियों को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा के पास प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में सिर्फ 9 सीटें ही हैं।






