रामलखन के बेटे की शादी में कुछ यूं टूटा स्टेज और गिर पड़े आमिर

वाराणसी। नथुनी के बेटे राजीव की शादी में जाने से पहले आमिर अपने मामू सलाउद्दीन के घर पहुंचे। उनको अचानक अपने बीच पाकर बडे बुजुर्ग जहां प्रसन्न हो गए वहीं बच्चों की खुशी का ठिकाना न रहा। पिछली बार आमिर अपनी फिल्म 'थ्री ईडियट्स' के प्रमोशन के लिए वाराणसी आए थे एवं आटो रिक्शा चालक नथुनी से उनकी गहरी दोस्ती हो गयी थी।
नथुनी के बेटे की शादी में कल रात शामिल होकर उन्होंने दोस्ती के फर्ज को अदा किया। शादी में शिरकत के दौरान भीड़ इतनी अधिक हो गई कि मंच टूट गया और आमिर सहित कई लोग नीचे गिर पड़े। हांलांकि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं लगी है।
आमिर ने पत्नकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि वह शीघ्र ही गंगा पर एक फिल्म बनाएंगे। उन्होंने कहा कि गंगा की दुर्दशा को उन्होंने बहुत नजदीक से देखा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह अन्य फिल्मों पर काम कर रहे हैं लेकिन गंगा पर एक फिल्म जरूर बनाएंगे।





