भाजपा से अलग हो सकते हैं पूर्वांचल के बाबा आदित्यनाथ!
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 10:57(08/02/12)
गोरखपुर। गोरखपुर से भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ ने आगाह किया है कि यदि पार्टी हिन्दुत्व के अपने मूल मुद्दे से भटक ती है तो वह अपनी पहचान गंवा देगी और उन जैसे नेताओं को मजबूरी में उसका साथ त्यागना पड़ेगा।
योगी ने पार्टी में पूर्व बसपा मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा के प्रवेश के अपने विरोध को यह कहकर सही ठहराया कि लालकृष्ण आडवाणी की जनचेतना यात्रा की पृष्ठभूमि में भ्रष्टाचार के खिलाफ शुरू की गई मुहिम इस निर्णय के कारण कुंद हुई है। उन्होंने कहा कि मंदिर गोरखनाथ ने राम जन्मभूमि आंदोलन का नेतृत्व किया था। हिन्दुत्व हमारे लिए एक मिशन की तरह है। हम राजनीति छोड़ सकते हैं, हिन्दुत्व नहीं।
उन्होंने कहा कि उनके जैसे लोग भाजपा से तब तक संबंध बनाए रखेंगे, जब तक पार्टी के एजेंडे में हिन्दुत्व बना रहेगा। आदित्यनाथ ने कहा कि जिस दिन भाजपा ने हिन्दुत्व त्यागा, हम भाजपा छोड़ देंगे।
हिन्दुत्व और राम मंदिर को राष्ट्रीय महत्व के मुद्दे करार देते हुए कहा कि लोग भाजपा जैसी पार्टियों से उम्मीद करते हैं कि वे इन मुद्दों को उठाए। उसके साथ भाजपा की पहचान है। यदि वह अपनी इस पहचान को गंवा देती है तो उसे पहचान का संकट झेलना पड़ेगा।