राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
'एफडीआई की आग ठंडी नहीं होने देगी बीजेपी'
dainikbhaskar.com | Dec 09, 2012, 17:08PM IST

लखनऊ. बीजेपी ने एफडीआई के मुद्दे पर मिली शिकस्त को कांग्रेस, सपा और बसपा के खिलाफ हथियार के तौर पर इस्तेमाल का मन बना लिया है। लखनऊ पहुंचे बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज़ हुसैन ने न सिर्फ एफडीआई के मुद्दे पर तीनों को घेरने की कोशिश की, बल्कि सपा और बसपा को कांग्रेस का खिलौना ठहरा दिया। शाहनवाज ने पीएम के उस बयान को भी आड़े हाथों लिया जिसमें गुजरात के अल्पसंख्यकों को मोदी से असुरक्षित महसूस करने की बात कही गई थी।
संसद के दोनों सदनों में एफडीआई के मुद्दे पर बीजेपी को भले ही मुंह की खानी पड़ी हो, लेकिन जनता की अदालत में पार्टी इसे अपनी जीत के तौर पर रख रही है। इतना ही नहीं पार्टी की मंशा एफडीआई की आग को ठंडा न पड़ने देने की भी है। शायद यही वजह है कि पार्टी के नेता जहां कहीं भी जा रहे हैं एफडीआई के जरिए कांग्रेस, एसपी और बीएसपी पर साझा हमला बोल रहे हैं।
लखनऊ पहुंचे बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज़ हुसैन ने भी कुछ इसी तर्ज पर तीनों पर साझा हमला बोला। डर का हवाला देते हुए शाहनवाज ने एसपी और बीएसपी को कांग्रेस के हाथों का खिलौना ठहरा दिया। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री मोदी का बचाव करते हुए गुजरात में अल्पसंख्यकों के असुरक्षित महसूस करनेवाले बयान को भी आड़े हाथों लिया। उनका दावा है कि पीएम को मोदी से डर लग रहा है, तभी ऐसी बातें कही जा रही हैं।
शाहनवाज़ इतने पर ही नहीं रुके उन्होंने मायावती को लोमड़ी की बजाय मेमने और भेडिये की कहानी सुनाने की बात कही। साथ ही सपा और बसपा की कार्य गुजारियों को जनता तक ले जाने की बात कही। उन्होंने इस दौरान मुलायम और मायावती को कुछ सियासी नसीहतें भी दीं। कुल मिलाकर देखें तो शाहनवाज के बयानों से एफडीआई को लेकर बीजेपी का रुख़ साफ हो जाता है, इन बयानों को आम चुनावों में आज़माए जाने वाले हथियार के तौर पर देखा जा सकता है। हालांकि लोकसभा चुनावों में अभी काफी वक्त है, लेकिन बीजेपी के तेवर देखते हुए नहीं लगता कि वो एफडीआई के मुद्दे को हाथ से जाने देने वाली है।






