यूपी में चटक धूप ने दिलाई ठंड से राहत
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 13:48(19/01/12)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में लगातार दूसरे दिन धूप खिलने से ठंड और पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली सर्द हवाओं का असर कम महसूस किया जा रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने रात में सर्दी में कमी आने से इंकार किया गया है।
राजधानी लखनऊ सहित ज्यादातर इलाकों में सर्द हवाओं का चलना जारी है, लेकिन सुबह से चटक धूप खिलने से उनका असर उतना नहीं महसूस हो रहा है।
लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। गुरूवार सुबह लखनऊ का न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम था।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने गुरूवार को बताया कि आने वाले दिनों में सर्दी से निजात मिलने की सम्भावना नहीं है। धूप खिलने से दिन में ठिठुरन और सर्द हवाओं से राहत मिलेगी लेकिन सूरज ढलने के बाद सर्दी और ठिठुरन का प्रकोप जारी रहेगा।