बादलों और हवाओं ने एक बार फिर बढ़ाई यूपी में ठंड
Source: एजेंसी | Last Updated 17:29(07/02/12)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मंगलवार को राजधानी लखनऊ सहित कई हिस्सों में बादल छाए होने साथ सर्द हवाएं चलने के कारण ठंड बढ़ गई। बिजनौर और मुजफ्फरनगर प्रदेश के सबसे ठंडे स्थान रहे। दोनों शहरों का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम था।
वहीं लखनऊ का तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार की तुलना में न्यूनतम तापमान में करीब एक डिग्री की गिरावट आई है।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बादल छाए रहने की सम्भावना है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते इन इलाकों में छिटपुट बूंदाबांदी भी हो सकती है, जिसके कारण दिन और रात के तापमान में गिरावट आने के साथ-साथ सर्द हवाओं का प्रकोप भी बढ़ सकता है।