यूपी में सर्द हवाओं ने एक बार फिर बढ़ाई ठिठुरन
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 12:37(20/01/12)
लखनऊ| उत्तर प्रदेश के अधिकत्तर इलाकों में धूप खिलने के बावजूद सर्द हवाओं से लोगों को राहत नहीं मिल रही है और वे ठिठुर रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले चार-पांच दिनों तक सर्द हवाओं से राहत मिलने से इंकार किया है।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया कि जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों में जारी बर्फबारी के कारण वहां से आने वाली सर्द हवाएं सूबे में ठंड और ठिठुरन बढ़ा रही है।
गुप्ता ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक सर्द हवाओं का असर बरकरार रहेगा। इस दौरान धूप खिलने से भी लोगों को खास राहत नहीं मिलेगी। तापमान सामान्य के आस-पास या उससे नीचे दर्ज होने की संभावना है। शुक्रवार सुबह राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो सामान्य से केवल एक डिग्री अधिक था।