यूपी में सर्द हवाओं से फिलहाल नहीं मिलेगी राहत
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 16:50(24/01/12)
लखनऊ। पर्वतीय इलाकों से आने वाली सर्द हवाओं के चलते राजधानी लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश के अधिकत्तर इलाकों में लोग कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे हैं। न्यूनतम तापमान में सात डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।
सुबह से धूप खिली होने के बावजूद लोगों को सर्द हवाओं से खास राहत नहीं मिल रही है। मंगलवार सुबह बिजनौर का नजीबाबाद प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से सात डिग्री कम था। राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य था।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने संवाददाताओं से आने वाले दिनों में सर्द हवाओं और ठिठुरन से निजात मिलने से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि सर्द हवाओं का प्रकोप कम से कम जनवरी के अंत तक जारी रहने की सम्भावना है। उसके बाद सर्दी का असर कम होगा और दिन व रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी।