मेरठ के सरधना क्षेत्र के सरूरपुर के पांचली बुजुर्ग गांव में तीन लोगों ने समुदाय विशेष की मंदबुद्धि किशोरी से सामूहिक दुराचार कर दिया। घटना को लेकर दो समुदायों के लोगों में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस को भी जमकर विरोध झेलना पड़ा। लड़की की चीख सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने एक आरोपी को धर दबोचा और उसे मौके पर पहुंचे पुलिस दल के हवाले कर दिया। बाद में पुलिस ने पीड़िता के बयान पर दूसरे आरोपी को भी हिरासत में ले लिया। तीसरे आरोपी की तलाश पुलिस कर रही है। घटना की शिकार बनी 11 वर्षीया किशोरी के पिता की 10 साल पहले मौत हो गई थी। दो भाई सुबह जब मजदूरी करने गए थे, वहीं मां सरधना में चिकित्सक के यहां दवा लेने गई थी। दिन के करीब 11 बजे किशोरी घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेलने लगी। इसी दौरान बच्चे एक उपासना स्थल के सामने चले गए। मौका पाकर तीन युवक किशोरी को उपासना स्थल के कमरे में जबरिया खींच ले गए। आरोप है कि वहां इन तीनों ने किशोरी से गैंगरेप किया। बचाव के लिए किशोरी के चिल्लाने पर ग्रामीण उधर दौड़ पड़े। आरोपी कमरे से निकलकर भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर उनमें से एक को धर दबोचा।