कन्नौज में एकतरफा प्यार में पागल युवक ने शादी से इनकार करने पर अपने गांव की युवती पर तेल छिड़क कर आग लगा दी। उसकी हालत गंभीर है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस हिरासत में उसके पिता ने बताया कि युवती ही उसके पुत्र पर शादी के लिए दबाव डाल रही थी। मना करने पर उसने स्वयं आग लगा ली। देर रात तक पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज न कर लीपापोती में व्यस्त थी। एटा के मलावन क्षेत्र के दतौली गांव में एक महिला को एक जनवरी को कुछ लोगों ने मारपीट कर निर्वस्त्र कर दिया था। साथ ही उसके पति को मारपीट कर घायल कर दिया। इसकी रिपोर्ट महिला के पति ने मलावन थाना में दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार एक जनवरी को मलावन क्षेत्र के गांव दतौली निवासी देवेन्द्र के पुत्र ने गांव के ही राकेश के पुत्र के साथ मारपीट की थी। इसकी शिकायत करने गई राकेश की पत्नी को देवेंद्र ने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर मारपीट कर निर्वस्त्र किया।
बहराइच में एक सिपाही ने अपने ही साथी पुलिसवाले की बेटी के साथ छेड़छाड़ कर दी। किशोरी के शोर मचाने पर दौड़े परिजनों ने सिपाही को जमकर पीटा। इस मामले में सिपाही के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट कोतवाली देहात में दर्ज की गई है। एसपी ने तत्काल प्रभाव से आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच सीओ सिटी को सौंप दी है। कोतवाली देहात में तैनात सिपाही जयप्रकाश यादव ने अपने साथी पुलिसवाले की बेटी के साथ छेड़छाड़ की। लड़की के शोर मचाने पर परिवार के लोग दौड़े। इस पर छेड़छाड़ करने वाला सिपाही हमलावर हो गया। किशोरी के परिजनों के साथ ही इकट्ठा हुए कॉलोनी के लोगों ने सिपाही की लात-घूसों से जमकर पिटाई की।