मेरठ. अपने विवादास्पद बयानों से अक्सर सुर्खियों में रहने वाले यूपी के कैबिनेट मंत्री आजम खान बसपा सुप्रीमो मायावती पर ताजातरीन बयान से एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। उन्होंने मायावती की तुलना शाहजहां से करते हुए कहा कि जल्द ही कोई औरंगजेब उन्हें कैद करेगा। नगर विकास मंत्री आजम खान चौधरी चरण सिंह यूनीवर्सिटी में आयोजित कन्या विद्या धन कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने छात्राओं से यह भी कहा कि वे मायावती नहीं, बल्कि सरोजिनी नायडू बनें। उन्होंने कहा , 'कल को कौन क्या बनेगा, कह नहीं सकते। लेकिन अल्ला से दुआ है कि आप कुछ भी बनें, मायावती जैसी न बनें।'
(पढ़ें, कर्नाटक राज्यपाल ने बुलाया विधानसभा सत्र)
आजम खान ने कहा कि शाहजहां और मायावती ने सरकारी खजाने का दुरुपयोग किया। एक ने ताजमहल बनवाया और मायावती ने हाथी और अपनी मूर्तियां लगवाई। शाहजहां को जनता की आवाज पर उनके बेटे औरंगजेब ने कैद किया था। ऐसे ही बसपा मुखिया मायावती को भी जल्द ही कोई औरंगजेब ही कैद करेगा। आजम ने कहा कि मायावती अब सूबे में भ्रमण से भी बच रही हैं और दिल्ली में बैठकर राजनीति कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए सख्त कानून बनना चाहिए। बालिका की जन्म दर, साक्षरता दर बढ़ाने व उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए मौजूदा प्रदेश सरकार अपने बजट का 20 प्रतिशत हिस्सा खर्च कर रही है। फरवरी में इस बजट में बढ़ोतरी होगी और जो पात्र छात्राएं बजट अभाव में आर्थिक सहायता से वंचित रह गयी है, उन्हें मदद मिलेगी।