'जाको राखे साइयां मार सके न कोय'
Source: एजेंसी | Last Updated 16:07(04/02/12)
मेरठ। 'जाको राखे साइयां मार सके न कोय', यह कहावत उस दो साल के एक बच्चे पर बिल्कुल सटीक बैठती है, जो दो मंजिला मकान से गिरा, लेकिन जमीन से कुछ फीट ऊपर केबल में अटक गया, जिससे पक्की सड़क पर गिरने से बच गया।
हुआ यूं कि कंकरखेड़ा के न्यू मेहंदी मोहल्ला निवासी सुमित कुमार का दो साल का बेटा मकान की दूसरी मंजिल की छत पर खेल रहा था। अचानक ना जाने कैसे वो छत से गिर गया। गिरते समय वो केबल के जाल में फंस गया।
बच्चे के परिजनों का कहना है कि केबल में फंस जाने की वजह से वो पक्की सड़क पर गिरने से बच गया। अगर वह सीधे जमीन पर गिरता तो अनहोनी हो सकती थी। इससे बाद परिजनों ने उसे नीचे उतारा और अस्पताल में भर्ती कराया।