मुलायम ने एक बार फिर किए यूपी की जनता से बड़े-बड़े वादे!
Source: एजेंसी | Last Updated 11:50(03/02/12)
गोरखपुर/महाराजगंज। सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश में सरकारी धन के दुरुपयोग के लिए केंद्र की कांग्रेसनीत यूपीए सरकार तथा राज्य की मायावती सरकार दोनों को ही समान रूप से दोषी करार दिया। यादव ने गोरखपुर और महराजगंज में विभिन्न चुनावी जनसभाओं में कहा कि जब उत्तर प्रदेश में मायावती सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लिए आवंटित धन का दुरुपयोग कर रही थीं, तब उन्होंने केंद्र को इस बारे में आगाह किया था। लेकिन यूपीए सरकार ने उसकी अनदेखी की, लिहाजा लूट-खसोट में वह भी बराबर की कसूरवार है।
उन्होंने मुख्यमंत्री मायावती पर जनता की खून-पसीने की कमाई के 40 हजार करोड़ रुपयों को पत्थर लगवाने पर बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बसपा के शासनकाल में किसान और कृषि से जुड़ी करीब 72 प्रतिशत आबादी की घोर उपेक्षा हुई है।
उन्होंने मायावती सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि अब जनता समझ गई है कि झूठे वादों और मूर्तियों से उसका भला होने वाला नहीं है।
चुनाव बाद सत्ता में आने पर सुशासन देने का वादा करते हुए सपा प्रमुख मुलायम सिंह ने कहा कि गुंडागर्दी को किसी भी सूरत में बरदाश्त नहीं किया जाएगा। चाहे ऐसा करने वाला उनकी पार्टी का कितना भी बड़ा कार्यकर्ता क्यों नहीं हो।
उन्होंने सपा की सरकार बनने 17 पिछड़ी जातियों को अनुसूचित जातियों को मिलने वाला लाभ दिलाने, गरीब किसानों के 50 हजार रुपए तक के कर्ज माफ करने, बेरोजगारों को एक हजार रुपए प्रतिमाह भत्ता देने तथा 65 साल से अधिक आयु के किसानों को अलग से किसान पेंशन देने का वादा दोहराया।