शिवपाल ने अखिलेश सरकार को फिर किया शर्मसार, बोले- कमीशनखोरी में कोई कमी नहीं आएगी

इलाहाबाद. उत्तर प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश की अखिलेश सरकार को शर्मसार कर दिया है। शनिवार को इलाहाबाद में कुंभ मेले की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे शिवपाल की जुबान फिसल गई। उन्होंने कहा, 'निर्देश दे दिए हैं...पूरी तरह से... और समय से... और क्वालिटी में कोई समझौता नहीं। कहीं पर भी किसी तरीके का समझौता नहींद...कमीशनखोरी, क्वॉलिटी में कहीं पर कोई कमी नहीं आएगी। चाहे सिंचाई विभाग का काम हो, या फिर नलकूपों का काम हो।'
अभी दो दिन पहले ही शिवापल सिंह यादव ने बंद कमरे की एक बैठक में अधिकारियों को चोरी करने की सलाह दे डाली थी। शिवपाल सिंह यादव ने कहा था कि मेहनत से काम करने वाले अधिकारी चोरी कर सकते हैं लेकिन डकैती न डाले। हालांकि बाद में शिवपाल सिंह यादव ने अपने इस बयान के लिए मीडिया को जिम्मेदार ठहराया था।







