बरेली में शांति, कर्फ्यू में छह घंटे की ढील
बरेली . यूपी में बरेली के सांप्रदायिक हिंसाग्रस्त इलाकों में तेजी से सामान्य हो रही स्थिति के बीच आज सुबह पांच बजे से कर्फ्यू में छह घंटे की ढील दी गई। शनिवार की रात जन्माष्टमी के जुलूस के दौरान हिं सा भडकने पर शहर के बारादरी, शहर कोतवाली, प्रेमनगर और किला क्षेत्रों में बेमियादी कर्फ्यू लगाया गया था। इन चारों क्षेत्रों में आज सुबह पांच बजे से दोपहर 11 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई।
इसके साथ नमाजियों को नजदीकी मस्जिदों में आज अलविदा की नमाज अदा करने की विशेष छूट दी गई। कर्फ्यू में ढील के दौरान बाजारों में आम दिनों की तरह चहल पहल दिखाई दी और शांतिपूर्ण माहौल में खरीद फरोख्त के लिए सड़कों पर उमड़ी भीड़ की वजह से बाजार गुलजार रहे।
इस बीच बरेली के जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने बताया कि शहर में शांति है और स्थिति पूरी तरह नियंत्नण में है और कहीं से किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है।






