मकर संक्रांति पर लोगों ने लगाई पवित्र नदियों में डुबकी
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 16:27(15/01/12)
इलाहाबाद/वाराणसी। मकर संक्रांति पर रविवार को इलाहाबाद में गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों के संगम तट पर पवित्र स्नान के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। पवित्र नदी में डुबकी लगाने के बाद लोगों ने पूजा-अर्चना की और दान किया। संगम तट पर तड़के चार बजे से ही श्रद्धालु पहुंचने शुरू हो गए थे। श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला अब भी जारी है।
हिंदू मान्यता के अनुसार मकर संक्रांति के दिन पवित्र संगम में स्नान करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है। इसलिए आज का दिन संगम स्नान की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। लोग डुबकी लगाने के बाद संगम किनारे विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना और दान करते हैं।
संगम तट पर बीते शनिवार से विश्व प्रसिद्ध माघ मेला भी शुरू हुआ है। मेला प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि सुबह 10 बजे तक करीब साढ़े तीन श्रद्धालु स्नान कर चुके थे। सूरज डूबने तक लगभग 10 लाख श्रद्धालुओं के स्नान करने की उम्मीद है।
मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। इलाहाबाद परिक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक प्रकाश डी. ने संवाददाताओं से कहा, "माघ मेला क्षेत्र और घाटों पर जिला पुलिस के अलावा प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी), आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस), त्वरित कार्य बल (आरएएफ) और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की तैनाती की गई है।"
उधर, धर्म नगरी वाराणसी के दशाश्वमेध सहित विभिन्न घाटों पर भक्तों की भीड़ देखने को मिल रही है। गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में मकर संक्रांति पर खिचड़ी चढ़ाने की परम्परा है। मंदिर में खिचड़ी चढ़ाने के लिए दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है।
प्रदेश के दूसरे शहरों में भी मकर संक्रांति पर लोग यमुना, गोमती, सई, रामगंगा सहित अन्य नदियों में डुबकी लगाकर मंदिरों में पूजा-अर्चना कर रहे हैं।