राहुल के लिए प्रधानमंत्री का पद महत्वपूर्ण नहीं : प्रियंका
Source: एजेंसी | Last Updated 10:44(06/02/12)
अमेठी। कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ने रविवार को कहा कि राहुल गांधी के लिए विकास का मिशन महत्वपूर्ण है न कि कांग्रेस अध्यक्ष या प्रधानमंत्री का पद। राहुल के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अमेठी के पांच दिवसीय दौरे पर पहुंचीं प्रियंका ने पत्रकारों से बातचीत में राहुल के प्रधानमंत्री बनने की संभावना संबंधी सवाल पर कहा कि आप लोग राहुल के राजनीतिक कॅरियर को ऐसे देखते हैं कि उन्हें अब अध्यक्ष बनना चाहिए और कल प्रधानमंत्री। लेकिन, वह अपने कॅरियर को ऐसे नहीं देखते।
उन्होंने कहा कि यह राहुल के राजनीतिक सफर का महत्वपूर्ण दौर है। हम काम से मतलब रखते हैं। राहुल ने अपने मन में जो निश्चय किया है, उसे वह जरूर करेंगे। इसमें अगर अध्यक्ष पद लेना होगा या कुछ और बनना होगा तो बनेंगे और अगर नहीं बनना होगा तो नहीं बनेंगे। प्रियंका ने साफ कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ईमानदार तथा कर्मठ व्यक्ति हैं। इस पद पर बदलाव का सवाल ही नहीं उठता।
प्रियंका ने कहा कि राहुल युवक कांग्रेस के साथ-साथ पूरी पार्टी में बदलाव लाए हैं और उन्होंने अपनी पार्टी में लोकतंत्र का समावेश किया है, जो किसी भी दूसरी पार्टी में नहीं है। इसका कांग्रेस तथा देश की राजनीति पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि लोग 22 वर्षों के दौरान सत्ता में रही सरकारों से उब चुके हैं। राहुल लोगों के लिए काम कर रहे हैं, अपनी प्रतिष्ठा के लिए नहीं। मेरे भाई का उद्देश्य क्षेत्र का विकास है। उन्होंने यही एजेंडा तय किया है।
यह पूछे जाने पर कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में कितनी विधानसभा सीटें जीतेगी, उन्होंने कहा कि इसका अनुमान नहीं लगाया जा सकता, लेकिन मुझे विश्वास है कि कांग्रेस बहुत अच्छा प्रदर्शन करेगी।