अमेठी। अपने प्रचार अभियान में कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी जहां विपक्षी दल पर निशाना साध रहे हैं, वहीं उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा ने अमेठी और रायबरेली में कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार का रंग जमाया हुआ है, लेकिन प्रियंका गांधी को पता भी नहीं चला और उन पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का आरोप भी लग गया।
जानकारी के अनुसार, 186 विधानसभा क्षेत्र अमेठी के बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रत्याशी आशीष शुक्ल ने प्रियंका गांधी के चुनाव प्रचार में बिना पास के वाहनों के काफिले व अन्य प्रकार से उल्लंघन किए जाने की शिकायत चुनाव आयोग से की है।
शिकायत पत्र के अनुसार, संसदीय क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से प्रियंका गांधी चुनावी दौरा कर रही हैं। चुनाव अभियान को सफल बनाने के लिए आयोजित सभी नुक्कड़ सभाओं में आम मतदाताओं को लाने के लिए वाहनों का प्रयोग किया जा रहा है। यही नहीं प्रियंका के काफिले में ऐसे बहुत से वाहन हैं जो बिना पास के चलते हैं।
प्रियंका इन सभाओं में विधानसभा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील भी करती हैं। ऐसी स्थिति में इन सभी सभाओं का पूरा खर्च संबंधित प्रत्याशी के चुनाव खर्च में जोड़ना चाहिए। आशीष शुक्ल ने चुनाव आयोग को फैक्स भेजकर प्रियंका की सभी सभाओं की वीडियोग्राफी कराए जाने की मांग की है। साथ ही कहा है कि वाहनों का खर्च संबंधित प्रत्याशी के खाते में जोड़ा जाए।