फैजाबाद. भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने शनिवार को यहां अयोध्या में भव्य राममंदिर निर्माण का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण के बाद ही मेरे मन को संतोष मिलेगा। श्री आडवाणी ने कहा कि जिस उद्देश्य को लेकर मैंने वर्ष 1990 में सोमनाथ से अयोध्या तक की रथयात्रा शुरू की थी, वह तब तक जारी रहेगा जब तक भव्य राम मंदिर का निर्माण, अयोध्या को उत्तम नगरी और भारत को महान देश बनाने का संकल्प पूरा नहीं हो जाता है।
श्री आडवाणी यहां राजकीय इंटर कालेज मैदान में पार्टी प्रत्याशी लल्लू सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गरीबी व भ्रष्टाचार कांग्रेस की देन है और भाजपा ही इन समस्याओं का निराकरण कर सकती है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि मतदान के समय क्षेत्र, प्रदेश के साथ देशहित का विचार अवश्य करें।
सभा के बाद उन्होंने अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन किए। सभा में जुटी भीड़ से गदगद श्री आडवाणी ने कहा कि जिस तरीके से स्व. प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के कार्यकाल में सोमनाथ मंदिर के निर्माण का रास्ता साफ हुआ था, उसी का अनुसरण अयोध्या मामले में भी किया जा सकता है, तब कैबिनेट ने प्रधानमंत्री की उपस्थिति में सोमनाथ मंदिर के निर्माण का निर्णय लिया था, वह तरीका आज भी अपनाया जा सकता है।
न्यायालय ने भी अपने आदेश में हिंदुओं के इस विास कि जहां रामलला विराजमान हैं, वही जन्मभूमि है, पर सहमति दी है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के फैसले के साथ ही यदि दोनों समुदायों के लोग मंदिर निर्माण का फैसला परस्पर सहमति से लें, तो इससे अच्छी दूसरी बात हो ही नहीं सकती है। इससे एक मिसाल भी कायम होगी। मैं इस उम्मीद से यहां आया हूं कि मंदिर निर्माण का कार्य बिना किसी टकराव के शांतिपूर्ण तरीके से पूरा होगा।