यूपी में फिलहाल नहीं मिलने वाली सर्द हवाओं से राहत
Source: एजेंसी | Last Updated 17:01(01/02/12)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित ज्यादातर इलाकों में तापमान में गिरावट का दौर जारी है। धूप खिलने के बावजूद लोगों को सर्द हवाओं से निजात नहीं मिल रही है।
सुबह से धूप खिलने के बावजूद सर्द हवाएं चल रही हैं। बुधवार सुबह नजीबाबाद राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ का न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम था।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया कि फिलहाल अगले कुछ दिन सर्द हवाओं का चलना जारी रहेगा, जिससे ठिठुरन जस की तस बनी रहेगी।