यूपी मे धूप खिली पर ठिठुरन से नहीं मिली निजात
Source: एजेंसी | Last Updated 15:36(27/01/12)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में सर्द हवाओं के कारण धूप खिलने के बावजूद ठिठुरन से निजात नहीं मिल रही है। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार सुबह बिजनौर का नजीबाबाद प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से करीब तीन डिग्री कम था।
गुरुवार को इटावा में सबसे कम 5.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। हालांकि शुक्रवार सुबह राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने संवाददाताओं से कहा कि पर्वतीय इलाकों में हो रहे हिमपात के कारण सर्द हवाओं से निजात नहीं मिल रही है। जनवरी के आखिरी सप्ताह तक सर्द हवाओं का असर जस का तस बना रहेगा।