यूपी में धूप खिली और ठंड से राहत मिली
Source: भास्कर न्यूज | Last Updated 17:54(28/01/12)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में तेज धूप खिलने से लोगों को ठंड और कोहरे से राहत मिली है। इस बीच मौसम विभाग ने दिन में मौसम साफ रहने की सम्भावना व्यक्त की है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय इलाकों से आने वाली ठंडी हवाओं का असर कम हुआ है जिससे सर्दी में कमी आने की सम्भावना है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित ज्यादातर इलाकों में कोहरे का असर नहीं देखा गया। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि लखनऊ एवं मुरादाबाद मण्डल के 90 फीसदी स्टेशनों पर बीते एक सप्ताह से कोहरा न के बराबर है।
मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता ने बताया कि शनिवार को मौसम साफ रहेगा और दिन में तेज धूप खिली रहेगी। अगले कुछ दिनों में बारिश होने की सम्भावना नहीं है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात को लखनऊ का न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया था, जबकि शनिवार सुबह लखनऊ का तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो समान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम था।