जीत या हार से फर्क नहीं पर अब नहीं ढोएंगे मजबूरी का गठबंधन
Source: एजेंसी | Last Updated 11:10(05/02/12)
वाराणसी/संतकबीरनगर. कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने कांग्रेस और सपा के साथ गठबंधन की अटकलों के बीच शनिवार को ऐलान किया कि उत्तर प्रदेश में भले ही पार्टी को दो सीटें मिलें या चार, लेकिन सरकार बनाने के लिए कांग्रेस किसी दल के साथ समझौता नहीं करेगी।
राहुल ने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस का ही मुख्यमंत्री बनने वाला है। पहले चरण के मतदान के ठीक दो दिन पहले वाराणसी, जौनपुर संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर की चुनावी सभाओं में राहुल सपा और बसपा बेहद आक्रामक अंदाज में दिखाई दिए।
उन्होंने कहा, विधानसभा चुनाव के बाद वे चोरों और गुंडों की सरकार से कतई समझौता नहीं करेंगे। चाहे कुछ भी हो जाए, कांग्रेस पार्टी हारे या जीते। हम समझौता केवल उत्तर प्रदेश की जनता से करेंगे। हम किसी से समझौता नहीं करेंगे। राहुल का यह बयान भाजपा नेता सुषमा स्वराज के उस बयान का जवाब माना जा रहा है जिसमें सुषमा ने कहा था कि सपा और बसपा को वोट देने का मतलब कांग्रेस को वोट देना है।
कांग्रेस महासचिव ने कहा, आपने मेरी दादी (इंदिरा गांधी) पर विश्वास किया, पिताजी (राजीव गांधी) पर भरोसा किया और अब मुझ पर विश्वास कीजिए। राहुल ने कहा, मैं यहां चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि बदलाव करने आया हूं और उत्तर प्रदेश को बदलकर ही जाऊंगा, चाहे कुछ भी हो जाए और चाहे जितने साल लग जाएं। मैं हार मानने वाला नहीं हूं।