पहले किया प्यार.. शादी और फिर प्रेमी संग हुई फरार!
Source: एजेंसी | Last Updated 15:54(09/02/12)
नोएडा। इंटरनेट पर चैटिंग से बंधी रिश्ते की डोर एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के लिए बेहद कमजोर साबित हुई। हुआ यूं कि गुड़गांव की एक मल्टी नेशनल कंपनी में काम करने वाले एक इंजीनियर से 2 साल पहले चैटिंग के दौरान एक युवती ने प्यार का इजहार किया और कुछ वक्त बाद शादी कर ली। शादी के एक साल बाद यह युवती दूसरे प्रेमी के साथ कथित तौर पर भाग गई।
सूत्रों के मुताबिक, एक आला अफसर के दखल के बाद इस संबंध में थाना सेक्टर 24 पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, सॉफ्टवेयर इंजीनियर आकाश (परिवर्तित नाम) और शालिनी (परिवर्तित नाम) पटना के रहने वाले हैं। 2 साल पहले इंटरनेट पर दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। परिवार की रजामंदी के साथ दोनों ने पटना में शादी की। फिर नोएडा के सेक्टर 12 में रहने लगे। शालिनी पिलखुआ के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में लेक्चरर है।
बताया जाता है कि उसका अभिषेक नाम के एक लड़के से अफेयर हो गया जिसकी भनक पति को लग गई। फिर शालिनी 17 नवंबर को प्रेमी संग घर से लाखों के गहने लेकर भाग निकली। काफी दिनों बाद शालिनी का पता चला और उसे समझा बुझाकर वापस लाया गया। आरोप है कि कुछ दिन बाद फिर से वह सामान समेट कर रफूचक्कर हो गई। इस बार उसने दहेज एक्ट का मुकदमा पति और ससुराल वालों पर लगवा दिया। साथ में गुजारा भत्ता के लिए अर्जी दाखिल कर दी। इस पर ससुराल की तरफ से तलाक की अर्जी दी गई।
मांग रही है 5 लाख
आकाश के परिवार वालों का आरोप है कि 1 फरवरी से शालिनी अपने प्रेमी के साथ लगातार अलग अलग नंबरों से फोन कर ससुराल वालों को रेप और अपहरण के केस में फंसाने की धमकी देते हुए 5 लाख रुपये की डिमांड कर रही है। आकाश के परिवारवालों ने अब नोएडा के थाना सेक्टर 24 में शालिनी , अभिषेक और उसके परिवार के खिलाफ धमकी देने और पुत्र वधू को भगा ले जाने का मामला दर्ज कराया है।