पंजाब 240 रन पर सिमटा

चंडीगढ़।दूसरी ऑल इंडिया अंडर 19 ध्रुव पांडव मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मैच में उड़ीसा ने पंजाब को पहले दिन 240 रन पर समेट दिया। पटियाला के ध्रुव पांडव स्टेडियम में आयोजित 2 दिवसीय मैच में उड़ीसा की तरफ से सुमन मोहंती ने 4 जबकि प्रकाश पांडा ने 3 और मनीष ने 2 विकेट लिए। पंजाब की तरफ से रोहन मारवाहा ने 59, भूपिंदर सिंह ने 58 और सिमरनप्रीत ने 49 रन का योगदान दिया। इससे पहले पंजाब की शुरूआत खराब रही और जसकरन सिंह(5) जल्द ही पवेलियन लौट गए।
दूसरे विकेट के लिए रोहन और सिमरनप्रीत सिंह ने 78 रन जोड़ कर पारी को संभाला। सिमरनप्रीत(49) के आउट होने के बाद पंजाब के विकेट लगातार गिरते चले गए। एक समय पंजाब की टीम 44.3 ओवर में 7 विकेट पर 141 रन खो चुकी थी। इस मौके पर विनय चौधरी और भूपिंदर सिंह ने 8वें विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी कर टीम को संकट से निकाला। इसके बाद 9वें विकेट के लिए संदीप सिंह और भूपिंदर सिंह ने 39 रन जोड़ कर टीम को 240 तक पहुंचाया। दिन का खेल खत्म होने तक उड़ीसा ने 3 विकेट खोकर 83 रन बना लिए थे।






